शौचालय के लिए ईओ ने लोगों को किया जागरूक
शिकोहाबाद: गुरुवार को अधिशाषी अधिकारी ने वार्ड संख्या एक में जाकर स्थानीय लोगों को खुले में शौच न करने तथा घर में शौचालय बनवाने के लिए प्रेरित किया। जिसका स्थानीय लोगों पर असर हुआ और उन्होंने शीघ्र शौचालय निर्माण कराने का संकल्प लिया।सरकार खुले में शौच मुक्त करने के लिए प्रयासरत है।
इसके लिए गरीब और बेसहारा लोगों को शौचालय बनवाने के लिए 12 हजार रुपये की धनराशि भी दे रही है, लेकिन इसके बाबजूद कुछ लोग शौचालय नहीं बनवा रहे हैं। ऐसे लोगों को समझाने के लिए गुरुवार को अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका रामपाल यादव, कार्यालय अध्यक्ष ह्रदयराम यादव ने अन्य कर्मचारियों के साथ पूरे वार्ड का भ्रमण किया और घर-घर जाकर लोगों को शौचालय बनवाने के लिए प्रेरित किया। ईओ की मुहिम रंग लाई और लोगों ने शीघ्र घर में शौचालय बनवाने का संकल्प लिया। ईओ ने कहा जो लोग गरीब और बेसहारा हैं तथा शौचालय निर्माण नहीं करा सकते, उन्हें नगर पालिका शौचालय बनवा कर देगी। इच्छुक व्यक्ति स्वयं बनवा सकते हैं। नगर पालिका शौचालय निर्माण को मिलने वाली धनराशि उनके खाते में स्थानांतरित कर देग। अधिशाषी अधिकारी ने उन लोगों को चेतावनी दी है जिन्होंने शौचालय निर्माण के नाम पर धनराशि लेकर शौचालय नहीं बनाए हैं। वह लोग या तो शौचालय बनवा लें अन्यथा सरकारी धन की वसूली की जाएगी।